उत्तर प्रदेश ग्राम्य विकास विभाग आज से मनाएगा ‘सेवा संकल्प अभियान’

0
18

लखनऊ। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के निरंतर सेवा काल की जनकल्याणकारी उपलब्धियों को जन-जन तक पहुँचाने और प्रत्येक नागरिक को ‘विकसित भारत 2047’ के राष्ट्रीय संकल्प से जोड़ने के उद्देश्य से उत्तर प्रदेश का ग्राम्य विकास विभाग आगामी 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ का संचालन करेगा।

ग्राम्य विकास आयुक्त प्रमोद कुमार उपाध्याय ने इस संबंध में आवश्यक दिशानिर्देश जारी करते हुए अभियान की रूपरेखा तय की है।

आयुक्त प्रमोद कुमार उपाध्याय के अनुसार, अभियान के दौरान ग्राम्य विकास विभाग द्वारा कई प्रमुख गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। इसमें 17 सितंबर की शाम 7 बजे अमृत सरोवर और ग्राम पंचायत स्तर पर दीप प्रज्वलन कर ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम आयोजित होगा।

इसके साथ ही, केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं से ग्रामीणों के जीवन में आए बदलावों पर ‘कहानी बदलाव की’ शीर्षक से 60-सेकंड की रील्स बनाई जाएंगी और उन्हें सोशल मीडिया पर साझा किया जाएगा।

ग्रामीणों की समस्याओं के त्वरित निस्तारण के लिए ब्लॉक स्तर पर 07 दिवसीय बहुउद्देशीय ‘सेवा सेतु अभियान’ आयोजित होगा, जिसमें ऑन-द-स्पॉट फॉर्म भरवाकर पात्रता का सत्यापन किया जाएगा। इसके अतिरिक्त, ग्राम पंचायतों में ‘ग्राम चौपाल’ का आयोजन कर जनता की समस्याओं का सीधा समाधान और फीडबैक संकलन किया जाएगा।

अभियान के सुचारू संचालन और समन्वय के लिए शासन स्तर पर संयुक्त आयुक्त (वीबी जी राम जी) श्री दिग्विजय नाथ पाण्डेय को प्रदेश नोडल अधिकारी नामित किया गया है, जबकि जनपद स्तर पर संबंधित जनपद नोडल अधिकारी व्यवस्था की देखरेख करेंगे। नोडल अधिकारी प्रदेश और जनपद स्तर पर हर सप्ताह प्रगति की समीक्षा करेंगे और दिए गए निर्देशों का अनुपालन सुनिश्चित कराएंगे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here