लखनऊ। शिया पी.जी. काॅलेज, लखनऊ में मेधावी छात्र सम्मान समारोह का आयोजन हुआ जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में उत्तर प्रदेश स्टेट माइनारिटी कमीशन के चेयरमैन मोहसिन रज़ा मौजूद थे।
गोल्ड मेडल पाने वाले छात्र चमकते हीरे हैं जिनकी चमक सदा बिखरती रहेगी: मोहसिन रजा
सम्मान समारोह में लखनऊ विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में गोल्ड मेडल प्राप्त करने वाले महाविद्यालय के छात्र/छात्राओं को स्मृति-चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया।

समारोह की शुरूआत में आल इण्डिया शिया पर्सनल लाॅ बोर्ड के महासचिव मौलाना यासूब अब्बास, शिया पी0जी0 कालेज, लखनऊ के प्रबन्धक अब्बास मुर्तजा शम्सी, प्रबन्ध समिति के वरिष्ठ सदस्य प्रो0 एस0एस0एच0 तकवी, कालेज के प्राचार्य प्रो0 एस0एस0आर0 बाकरी ने मुख्य अतिथि मोहसिन रज़ा को पुष्पगुच्छ, स्मृति चिन्ह व शाल पहनाकर सम्मानित किया।
मौलाना यासूब अब्बास, सचिव, मजलिस-ए-उलेमा, ने अपने स्वागत भाषण में लोगों को मोहसिन रजा की उपलब्धियों से परिचित कराया कि किस प्रकार एक बेहतरीन क्रिकेटर से वे एक बेहतरीन राजनेता बने और लगातार समाज की बेहतरी के लिए प्रयास कर रहे हैं।
उन्होंने आगे कहा कि समुदाय में शिक्षा के स्तर को आगे बढ़ाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि प्रत्येक वर्ष लखनऊ विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में स्वर्ण पदक प्राप्त करने वाले काॅलेज के विद्यार्थियों की संख्या साल दर साल बढ़ रही है।
कॉलेज के प्रबंधक अब्बास मुर्तजा शम्सी ने कहा कि शिया पी.जी. काॅलेज एक बहुसांस्कृति शैक्षणिक संस्थान है और जो उन्नति के पथ पर लगातार आगे बढ़ रहा है।
बोर्ड ऑफ़ ट्रस्टीज के वरिष्ठ सदस्य डाॅ0 एस.एस.एच. तकवी ने अपने वक्तव्य में कहा कि शिया कॉलेज लगातार छात्रों को विश्वस्तरीय उत्कृष्ट शिक्षा देने हेतु प्रयासरत रहा है और आगे भी रहेगा। काॅलेज में छात्रों के पठन-पाठन के साथ उनके सर्वांगीढ़ विकास को भी ध्यान में रखकर शिक्षा प्रदान की जा रही है।
मुख्य अतिथि के रूप में बोलते हुए मोहसिन रजा ने विस्तार से अपने जीवन के अनुभवों को साझा करते हुए कहा कि शिक्षा वो साधन है जो समाज के सभी नेतृत्व को बनाती है, विकसित करती है और आगे बढ़ाती है।
उन्होने कहा कि गोल्ड मेडल पाने वाले छात्र चमकते हीरे हैं जिनकी चमक सदा बिखरती रहेगी और इनकी महक और खुशबू से हमारा समाजरूपी उपवन भी महकता रहेगा। उन्होनें शिया महाविद्यालय के प्रबन्धतंत्र और शिक्षकों की प्रशंसा करते हुए कहा कि ये वो जोहरी हैं जिन्होनें ऐसे हीरे और नगीने तराशने का काम किया है।
इसके उपरान्त मुख्य अतिथि मोहसिन रजा द्वारा लखनऊ विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में गोल्ड मेडल प्राप्त करने वाले महाविद्यालय के छात्र/छात्राओं को स्मृति-चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया।
इसके अलावा मलेशिया में अंतर्राष्ट्रीय ताइक्वांडो प्रतियोगिता में कांस्य पदक प्राप्त करने वाले छात्र को भी स्मृति चिन्ह प्रदान किया गया। समारोह में एनसीसी नेवल और आर्मी विंग के उन कैडेट को भी स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया जिन्होनें अखिल भारतीय स्तर पर बेस्ट कैडेट अवार्ड प्राप्त किये थे।
सम्मानित हुए छात्र/छात्राओं की सूची संलग्न है। छात्रों को सम्मानित करने के उपरान्त कालेज के प्राचार्य प्रो0 एस0एस0आर0 बाकरी ने सभी अतिथियों को धन्यवाद ज्ञापित किया और कहा कि इतने विपरीत मौसम में लोगों ने आकर यह साबित किया कि वो अपनी पूरी निष्ठा से महाविद्यालय की तरक्की के अपनी जिम्मेदार समझते हैं।
समारोह में कॉलेज प्रबंधन एवं विभिन्न संकायों के वरिष्ठ सदस्य उपस्थित रहे। निदेशक सेल्फ-फाइनेंस प्रो0 एम0एम0 अबु तय्यब, विधि संकायाध्यक्ष प्रो. सै. सादिक हुसैन आबिदी, प्रो. टी.एस. नकवी, प्रभारी, विज्ञान संकाय, प्रो. शुजात हुसैन, प्रो. एस.एम. हसनैन, कोऑर्डिनेटर, विधि संकाय स्ववित्तपोषित, डाॅ0 प्रदीप शर्मा, निदेशक, एस.सी.डी.आर.सी., प्रो. बी.बी. श्रीवास्तव, कोऑर्डिनेटर एम.एससी. भौतिक तथा डाॅ0 मीसम मुबारक, कोऑर्डिनेटर बी.बी.ए., सहित सभी शिक्षक, शिक्षणेत्तर कर्मचारी व छात्र/छात्राएं उपस्थित रहे।












