नदीम मेहंदी ने युवा खिलाड़ियों को बताए क्रिकेट के गुर, फाइनल की तैयारी पूरी

0
43

लखनऊ। लखनऊ क्रिकेट एकेडमी की ओर से आयोजित सेवन-ए-साइड क्रिकेट टूर्नामेंट अब अपने अंतिम पड़ाव पर पहुंच गया है। बारिश के कारण शनिवार को थर्ड प्लेस मैच नहीं खेला जा सका। प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला अब रविवार को खेला जाएगा। फाइनल के बाद पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित किया जाएगा।

समारोह में समाजसेवी एवं एडवोकेट सतेन सिंह मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे। वह विजेता टीम के साथ प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को पुरस्कार प्रदान करेंगे। इसके अलावा प्रतियोगिता में शामिल सभी खिलाड़ियों को प्रमाणपत्र दिए जाएंगे।

इसी बीच पूर्व रणजी ट्रॉफी खिलाड़ी और मुंबई की ओर से रणजी ट्रॉफी खेल चुके लखनऊ क्रिकेट एकेडमी के पूर्व प्रशिक्षार्थी नदीम मेहंदी ने शनिवार को एकेडमी पहुंचकर खिलाड़ियों से मुलाकात की। उन्होंने विभिन्न आयु वर्ग के खिलाड़ियों के साथ समय बिताया और उन्हें क्रिकेट की तकनीकी बारीकियों के बारे में जानकारी दी।

नदीम मेहंदी ने खिलाड़ियों के साथ मैदान के अलग-अलग हिस्सों में जाकर उनकी तकनीक और खेल शैली को देखा। उन्होंने खिलाड़ियों को उनकी संबंधित भूमिका में बेहतर प्रदर्शन के लिए जरूरी सुझाव भी दिए। उनके अनुभव और मार्गदर्शन से युवा खिलाड़ियों में खासा उत्साह देखने को मिला।

लखनऊ क्रिकेट एकेडमी का उद्देश्य प्रतिभावान खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण के साथ अनुभवी खिलाड़ियों का मार्गदर्शन और प्रतिस्पर्धी क्रिकेट का अनुभव उपलब्ध कराना है, ताकि उन्हें आगे बढ़ने के लिए बेहतर अवसर मिल सकें।

इस अवसर पर एकेडमी के वरिष्ठ खिलाड़ी एवं प्रशिक्षक आशीष शर्मा, अमान रिज़वी, प्रबल सिंह, ग्राउंड इंचार्ज दिवेन कुमार, हसन रज़ा और यूसुफ खान सहित वरिष्ठ खिलाड़ी, प्रशिक्षक एवं अन्य लोग मौजूद रहे।

एकेडमी की ओर से खिलाड़ियों, अभिभावकों और खेलप्रेमियों से फाइनल मुकाबले तथा पुरस्कार वितरण समारोह में शामिल होने की अपील की गई है।

ये भी पढ़ें : कमलेश कुमार के नाबाद 79 रन, एलसीए क्लब फाइनल में

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here