लखनऊ में होने वाले यूपी टी-20 लीग के मैचों के टिकट 49 रुपये से शुरू

0
24
साभार गूगल

लखनऊ। उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (यूपीसीए) द्वारा आयोजित यूपी टी-20 लीग के चौथे सीजन के लखनऊ के भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी इकाना क्रिकेट स्टेडियम में खेले जाने वाले मैचों के लिए टिकटों की कीमतें बेहद किफायती रखी गई हैं। वहीं पहली बार दर्शकों को हिंदी के साथ-साथ भोजपुरी कमेंट्री भी सुनने को मिलेगी।

सीजन टिकट, फैमिली पैक और उद्घाटन समारोह के लिए हॉस्पिटैलिटी टिकट भी उपलब्ध

यूपी टी-20 लीग की गवर्निंग काउंसिल के चेयरमैन डॉ. संजय कपूर ने बताया कि इस बार लीग का आयोजन पहली बार लखनऊ और कानपुर दोनों शहरों में होगा। उन्होंने कहा कि लखनऊ में होने वाले 22 मैचों के लिए टिकट इस तरह निर्धारित किए गए हैं कि हर वर्ग का क्रिकेट प्रेमी स्टेडियम में बैठकर मैचों का आनंद ले सके।

भोजपुरी कमेंट्री से बढ़ेगा मैचों का रोमांच

उन्होंने बताया कि इकाना स्टेडियम में सामान्य दिनों में खेले जाने वाले मैचों के लिए अपर स्टैंड का टिकट 49 रुपये तथा लोअर स्टैंड का टिकट 99 रुपये रखा गया है। वहीं सप्ताहांत के मैचों के लिए अपर स्टैंड का टिकट 99 रुपये और लोअर स्टैंड का टिकट 149 रुपये निर्धारित किया गया है।

डॉ. कपूर ने बताया कि लखनऊ में लीग के मैचों का आनंद लेने वाले दर्शकों के लिए सीजन टिकट भी उपलब्ध रहेंगे। इनमें अपर स्टैंड का सीजन टिकट 399 रुपये तथा लोअर स्टैंड का सीजन टिकट 499 रुपये होगा। वहीं परिवारों की सुविधा के लिए 3+1 फैमिली पैक भी उपलब्ध रहेगा जिसकी कीमत लोअर स्टैंड के लिए 1,047 रुपये तथा अपर स्टैंड के लिए 1,497 रुपये निर्धारित की गई है।

उन्होंने बताया कि 14 अगस्त को लखनऊ के भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी इकाना क्रिकेट स्टेडियम में होने वाले भव्य उद्घाटन समारोह के लिए हॉस्पिटैलिटी टिकट की श्रेणियां भी निर्धारित की गई हैं। साउथ डायरेक्टर लॉन-1 और साउथ डायरेक्टर लॉन-2 के टिकट 2,500 रुपये जबकि साउथ कॉर्पोरेट बॉक्स का टिकट 3,500 रुपये तथा साउथ प्रीमियम लाउंज का टिकट 5,000 रुपये का रखा गया है।

उन्होंने बताया कि फिलहाल टिकट ‘District’ ऐप (By Zomato) के माध्यम से ऑनलाइन उपलब्ध हैं। आगामी कुछ दिनों में लखनऊ में ऑफलाइन टिकट बिक्री के लिए स्टॉल एवं बिक्री केंद्रों की भी घोषणा की जाएगी, ताकि क्रिकेट प्रेमी अपनी सुविधा के अनुसार टिकट प्राप्त कर सकें।

डॉ. कपूर ने कहा कि इस बार दर्शकों को मैचों का रोमांच हिंदी के साथ-साथ भोजपुरी कमेंट्री में भी सुनने का अवसर मिलेगा। इससे पूर्वांचल और भोजपुरी भाषी क्रिकेट प्रेमियों का जुड़ाव लीग से और मजबूत होगा तथा वे अपनी मातृभाषा में मैचों का आनंद उठा सकेंगे।

उन्होंने विश्वास जताया कि किफायती टिकट दरों, भव्य उद्घाटन समारोह, भोजपुरी कमेंट्री और प्रदेश के साथ-साथ आईपीएल के कई स्टार खिलाड़ियों की मौजूदगी से इस बार यूपी टी-20 लीग का चौथा सीजन अब तक का सबसे सफल और यादगार संस्करण साबित होगा।

यूपी टी-20 लीग में उद्घाटन समारोह सहित कुल 22 मैचों का आयोजन पहले चरण में 14 से 26 अगस्त तक लखनऊ के भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी इकाना क्रिकेट स्टेडियम में आयोजित होगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here