उत्तर प्रदेश ने नए कप्तान आर्यन जुयाल और कोच ज्ञानेंद्र पाण्डेय की अगुवाई में रणजी ट्रॉफी में धमाकेदार आगाज किया। बिहार के साथ पहले मैच में उत्तर प्रदेश ने एक पारी व 267 रन से मात देकर पहली जीत दर्ज की और सात अंक प्राप्त किए।
मैच में 150 रन की शानदार शतकीय पारी खेलने वाले माधव कौशिक को मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया गया। यूपी का अगला मैच 18 अक्टूबर से गोवा के खिलाफ अपने होम ग्राउंड ग्रीनपार्क स्टेडियम में खेला जाएगा।
बिहार के राजगिरी स्टेडियम में यूपी ने माधव कौशिक के 150 रन, रिंकू सिंह के 112 रन, आराध्य यादव के 84 रन और जीशान अंसारी के 58 रन की शानदार पारी से 540 रन बनाए। जवाब में बिहार की पहली पारी 141 रन पर ढेर हो गई। यूपी से कार्तिक यादव और करन शर्मा ने 4-4 विकेट लिया।
पहली पारी में 399 रन से पीछे रहने वाली बिहार टीम को यूपी ने फॉलोऑन देने का फैसला किया। जवाब में बिहार की टीम दूसरी पारी में भी ताश के पत्तों की तरह ढह गई। पूरी टीम 132 रन बना सकी। यूपी की तरफ से जीशान अंसारी ने चार, करन शर्मा ने तीन, कार्तिक यादव ने दो विकेट लिया।













