मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ करेंगे यूपी टी-20 लीग का उद्घाटन

0
24

लखनऊ। यूपी टी-20 लीग सीजन-4 के आगाज से एक दिन पहले लीग की गवर्निंग काउंसिल के चेयरमैन डॉ. संजय कपूर ने गुरुवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात कर उन्हें लीग के उद्घाटन समारोह में शामिल होने का निमंत्रण दिया।

इस दौरान लीग की सभी छह टीमों के कप्तान भी मौजूद रहे और उन्होंने मुख्यमंत्री को उद्घाटन समारोह में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया। मुख्यमंत्री ने निमंत्रण स्वीकार करते हुए उद्घाटन करने की सहमति जताई।

यूपी टी-20 लीग गवर्निंग काउंसिल के चेयरमैन संजय कपूर ने कहा कि मुख्यमंत्री के साथ सफल मुलाकात हुई और वह यूपी टी-20 लीग का उद्घाटन करेंगे। सभी छह टीमों के कप्तानों ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात की। मुख्यमंत्री ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया और उन्हें अपने पूर्ण सहयोग का भरोसा दिलाया। इस दौरान यूपी टी-20 लीग गवर्निंग काउंसिल के सदस्य संजीव कुमार सिंह भी मौजूद रहे।

डॉ. संजय कपूर ने बताया कि 14 अगस्त को लखनऊ के भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी इकाना क्रिकेट स्टेडियम में यूपी टी-20 लीग सीजन-4 का उद्घाटन समारोह होगा। समारोह के मुख्य अतिथि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ होंगे। इस अवसर पर बीसीसीआई उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला विशिष्ट अतिथि के तौर पर उपस्थित रहेंगे।

रंगारंग समारोह में शंकर महादेवन और जैस्मीन सैंडलास की लाइव परफॉर्मेंस के साथ ड्रोन शो और लेजर लाइट शो आकर्षण का केंद्र रहेंगे। उद्घाटन समारोह के बाद गत चैंपियन काशी रुद्रास और मेरठ मावेरिक्स के बीच सीजन का पहला मुकाबला खेला जाएगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here