अपर्णा यादव के पति प्रतीक यादव का निधन, लखनऊ में ली अंतिम सांस

0
33
साभार : गूगल

उत्तर प्रदेश के सबसे बड़े राजनीतिक परिवारों में से एक, मुलायम सिंह यादव के कुनबे से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। भाजपा नेत्री अपर्णा यादव के पति और सपा संस्थापक मुलायम सिंह यादव के छोटे बेटे प्रतीक यादव का निधन हो गया है।

लखनऊ के सिविल हॉस्पिटल में प्रतीक को तबीयत खराब होने के बाद भर्ती कराया गया था। जहां उन्होंने दम तोड़ दिया। प्रतीक के निधन की खबर से लखनऊ से लेकर सैफई तक हर कोई सन्न है। अस्पताल में परिवार और समर्थकों का जमावड़ा लगा हुआ है। डाक्टरों के मुताबिक़ प्रतीक यादव को बेहोशी की हालत में अस्पताल लाया गया था। उन्हें अस्पताल लाते मृत घोषित कर दिया गया।

पारिवारिक सूत्रों के अनुसार प्रतीक पिछले कुछ दिनों से अस्वस्थ थे। बताया जा रहा है कि कुछ दिनों पहले भी प्रतीक को गंभीर हालत में लखनऊ के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया था। 3 दिन बाद थोड़ा आराम मिलने के बाद घर आ गए थे।

बुधवार को अचानक उनकी तबीयत खराब होने पर सुबह छह बजे उन्हें सिविल अस्पताल लाया गया। यहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। प्रतीक यादव मुलायम सिंह यादव की दूसरी पत्नी साधना गुप्ता के बेटे थे। प्रतीक की पत्नी अपर्णा यादव इस समय उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष हैं और सक्रिय राजनीति में हैं।

लेकिन प्रतीक मुख्यधारा की सक्रिय राजनीति से दूर रियल एस्टेट व फिटनेस के व्यवसाय से जुड़े थे। लखनऊ में उनका जिम ‘द फिटनेस प्लैनेट’ प्रसिद्ध है। पिछले दिनों अपर्णा यादव से तलाक की खबरों के बाद प्रतीक यादव चर्चा में आए थे। हालांकि बाद में अपर्णा और प्रतीक के बीच सबकुछ ठीक होने की बात सामने आई थी।

स्कूल के दिनों में हुई अपर्णा और प्रतीक की दोस्ती कुछ समय बाद प्यार में बदल गई और दोनों ने दिसंबर 2011 में शादी कर ली थी। प्रतीक ने लीड्स यूनिवर्सिटी लंदन से एमबीए की डिग्री हासिल की थी। अपर्णा यादव ने 2022 के विधानसभा चुनाव से पहले समाजवादी पार्टी छोड़कर भाजपा का दामन थाम लिया था। इसके बाद से मुलायम सिंह परिवार से कुछ दूरियां भी बन गई थीं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here