यूपी टी20: उद्घाटन समारोह में शंकर महादेवन और जैस्मीन सैंडलस बिखेरेंगे सुरों का जादू

0
23

लखनऊ: मशहूर संगीतकार और गायक शंकर महादेवन तथा लोकप्रिय पंजाबी गायिका जैस्मीन सैंडलस यूपीटी20 लीग के सीजन 4 के भव्य उद्घाटन समारोह में मुख्य आकर्षण होंगे।

टूर्नामेंट का उद्घाटन मुकाबला 14 अगस्त 2026 को लखनऊ के प्रतिष्ठित भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी इकाना क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा। इसके साथ ही उत्तर प्रदेश में 24 दिनों तक चलने वाले क्रिकेट के इस रोमांचक उत्सव की शुरुआत होगी।

भारतीय संगीत की विरासत, समकालीन चार्टबस्टर और हाई-ऑक्टेन मनोरंजन का शानदार संगम पेश करते हुए दोनों कलाकार अपनी दमदार मंचीय प्रस्तुतियों और लोकप्रिय गीतों से दर्शकों के लिए सीजन की यादगार शुरुआत करेंगे।

इस घोषणा का स्वागत करते हुए यूपीटी20 लीग के चेयरमैन डॉ. संजय कपूर ने कहा कि, “यूपीटी20 लीग हमेशा से अपने प्रशंसकों के लिए हाई-इंटेंसिटी क्रिकेट और विश्वस्तरीय मनोरंजन को एक साथ पेश करने के लिए जानी जाती है। हम उद्घाटन समारोह में शंकर महादेवन और जैस्मीन सैंडलस जैसे प्रतिष्ठित कलाकारों को शामिल कर बेहद उत्साहित हैं।

उनकी शानदार संगीत विविधता और युवाओं के बीच जबरदस्त लोकप्रियता उत्तर प्रदेश क्रिकेट की ऊर्जा और भावना का बेहतरीन प्रतिनिधित्व करती है। शानदार विजुअल प्रस्तुतियों के साथ इकाना स्टेडियम में उद्घाटन की यह शाम सभी के लिए एक अविस्मरणीय अनुभव होगी।”

स्टार-स्टडेड इस शाम की मेजबानी लोकप्रिय क्रिकेट एंकर जतिन सप्रू करेंगे। समारोह में शास्त्रीय संगीत, समकालीन हिट्स और अत्याधुनिक विजुअल प्रस्तुतियों का शानदार मिश्रण देखने को मिलेगा।

शंकर महादेवन के साथ मंच पर सिद्धार्थ महादेवन और शिवम महादेवन भी प्रस्तुति देंगे। तीनों की शानदार प्रस्तुति समारोह में सुरों और ऊर्जा का अनूठा संगम पेश करेगी। शाम के आकर्षण को और बढ़ाने के लिए लाइव नैरेशन के साथ भव्य ड्रोन शो आयोजित किया जाएगा। इसके साथ ही शानदार आतिशबाजी से लखनऊ का आसमान रोशन होगा।

उद्घाटन समारोह और पहले मुकाबले के टिकट अब उपलब्ध हैं। टिकट डिस्ट्रिक्ट ऐप के माध्यम से पहले आओ, पहले पाओ के आधार पर खरीदे जा सकते हैं।

उद्घाटन समारोह के तुरंत बाद मैदान पर सीजन 4 की रोमांचक क्रिकेट जंग शुरू होगी। पहले मुकाबले में मौजूदा चैंपियन काशी रुद्राक्ष का सामना मेरठ मावेरिक्स से होगा। टूर्नामेंट का पहला चरण 26 अगस्त तक लखनऊ में खेला जाएगा। इसके बाद लीग का दूसरा चरण कानपुर के ग्रीन पार्क स्टेडियम में आयोजित होगा, जहां 6 सितंबर को सीजन 4 का भव्य फाइनल खेला जाएगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here