लखनऊ। मैन ऑफ द मैच कार्तिक सिद्धू (तीन विकेट) की अगुवाई में गेंदबाजों के धारदार प्रदर्शन की बदौलत नोएडा किंग्स ने यूपी टी-20 लीग सीजन-4 पावर्ड बाई Vimal Elaichi और NCS के लखनऊ चरण के अंतिम मैच में काशी रुद्रास को पांच विकेट से पराजित किया।
यूपी टी-20 लीग सीजन-4 पावर्ड बाई Vimal Elaichi और NCS
पहले बल्लेबाजी करते हुए काशी रुद्रास पूरी टीम 18.3 ओवर में 89 रन पर ऑलआउट हो गई। जवाब में नोएडा किंग्स ने लक्ष्य का पीछा करते हुए 14.2 ओवर में पांच विकेट के नुकसान पर 90 रन बनाते हुए मैच जीत लिया। इस लगातार दूसरी जीत के साथ नोएडा किंग्स अंक तालिका में तीसरे स्थान पर पहुंच गई जबकि काशी लगातार चौथी हार के साथ पांचवें स्थान पर खिसक गई।

भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी इकाना क्रिकेट स्टेडियम में खेले जा रहे इस मुकाबले में नोएडा किंग्स ने टॉस जीतकर पहले क्षेत्ररक्षण का फैसला किया। मैच की औपचारिक शुरुआत उत्तर प्रदेश पुलिस के डीजीपी राजीव कृष्ण (आईपीएस) ने टॉस कराकर और पारंपरिक ढंग से घंटा बजाने की रस्म के साथ की।
इस अवसर पर डीजीपी राजीव कृष्ण ने कहा कि यूपी टी-20 लीग जैसे आयोजनों से प्रदेश के युवा खिलाड़ियों को बड़े मंच पर अपनी प्रतिभा साबित करने का अवसर मिल रहा है। उन्होंने लीग के आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि इससे उत्तर प्रदेश में क्रिकेट को नई ऊर्जा मिल रही है और स्थानीय प्रतिभाओं को अपनी क्षमता दिखाने के साथ आगे बढ़ने का मंच मिल रहा है।

यूपी टी-20 लीग गवर्निंग काउंसिल के चेयरमैन डॉ. संजय कपूर ने कहा कि लीग का उद्देश्य प्रदेश के खिलाड़ियों को बेहतर मंच और प्रतिस्पर्धी माहौल उपलब्ध कराना है, ताकि वे आगे बढ़कर खुद को साबित करते हुए अपनी पहचान बना सकें।
इस अवसर पर उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन के सचिव प्रेम मनोहर गुप्ता, कोषाध्यक्ष सचिन आनंद शुक्ला, यूपी टी-20 लीग गवर्निंग काउंसिल के सदस्य संजीव कुमार सिंह, उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन के सदस्य फैसल शेरवानी व अन्य गणमान्य लोग मौजूद थे।

पहले बल्लेबाजी करने उतरी काशी रुद्रास की शुरुआत अच्छी नहीं रही और टीम ने लगातार अंतराल पर विकेट गंवाए। काशी की ओर से साहब युवराज सिंह खाता भी नहीं खोल सके और तीसरे ओवर में कुणाल त्यागी की गेंद पर बॉबी यादव को कैच थमा बैठे। विराट जायसवाल 13 ही रन बना सके। टीम का तीसरा विकेट अभिषेक गोस्वामी (15) के रुप में पांचवें ओवर में गिरा जिन्हें प्रशांत वीर की गेंद पर आदित्य शर्मा ने स्टंप किया।
कप्तान करन शर्मा 10 रन बनाकर आउट हो गए। उपेन्द्र यादव ने 15 रन बनाकर पारी को संभालने की कोशिश की, लेकिन उन्हें कार्तिक सिद्धू ने प्रशांत वीर के हाथों कैच करा दिया। नोएडा किंग्स की ओर से कार्तिक सिद्धू ने 3.3 ओवर में 15 रन देकर तीन विकेट चटकाए। शिवा सिंह ने चार ओवर में 14 रन जबकि वंश ने तीन ओवर में आठ रन देकर दो-दो विकेट चटकाए। इस तरह काशी रुद्रास की पूरी टीम 18.3 ओवर में 89 रन पर सिमट गई।

जवाब में नोएडा किंग्स ने 14.2 ओवर में पांच विकेट के नुकसान पर 90 रन बनाकर मैच जीत लिया। लक्ष्य का पीछा करते हुए नोएडा किंग्स ने अपने शीर्ष दो बल्लेबाजों के विकेट 6 रन के कुल स्कोर पर गंवा दिए। सलामी बल्लेबाज शोएब सिद्दीकी और माधव कौशिक खाता भी नहीं खोल सके। इसके बाद आदित्य शर्मा ने 14 गेंदों पर 17 रन बनाकर पारी को संभाला।

बॉबी यादव 10 रन और रवि सिंह 13 गेंदों पर 19 रन बनाकर पवेलियन वापस लौट गए। ऐसे में अनिवेश चौधरी ने 43 गेंदों पर तीन चौके व एक छक्के से नाबाद 31 रन की जिम्मेदारी भरी पारी खेलते हुए टीम को जीत की मंजिल तक पहुंचाया।













