लखनऊ: 14 अगस्त से लखनऊ के भव्य भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी इकाना स्टेडियम में शुरू हुए यूपी टी-20 लीग सीजन 4 के पहले चरण का 26 अगस्त को शानदार समापन हुआ। अब इस लीग का हाई-वोल्टेज दूसरा और अंतिम चरण 28 अगस्त से 6 सितंबर तक कानपुर के ऐतिहासिक ग्रीन पार्क स्टेडियम में खेला जाएगा।
लखनऊ में पहले चरण के आखिरी लीग मुकाबले के दौरान एक बेहद खास और भावुक पल देखने को मिला। यूपी टी-20 लीग गवर्निंग काउंसिल के चेयरमैन डॉ. संजय कपूर मीडिया बॉक्स पहुंचे और वहां मौजूद सभी खेल पत्रकारों व मीडियाकर्मियों से व्यक्तिगत रूप से गले मिलकर उनका आभार व्यक्त किया।
“आपकी कलम ने ग्रामीण प्रतिभाओं को दी पहचान”: मीडिया का धन्यवाद
मीडियाकर्मियों को संबोधित करते हुए डॉ. संजय कपूर ने कहा कि मीडिया के सहयोग के बिना इस आयोजन को इतना भव्य और सफल बनाना संभव नहीं था। उन्होंने कहा कि पत्रकारों ने जिस तरह से उत्तर प्रदेश के दूर-दराज के इलाकों से आए युवा खिलाड़ियों के प्रदर्शन को प्रमुखता से देश और दुनिया के सामने रखा, उनकी प्रतिभा की तारीफ की और उन्हें एक नई पहचान दी, उसके लिए पूरा यूपी टी-20 परिवार उनका आभारी है।
सफल आयोजन और युवाओं की सफलता पर भावुक हुए यूपी टी-20 चेयरमैन
पहले चरण के सफल समापन और उत्तर प्रदेश के देहात-ग्रामीण अंचलों से निकले युवा खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन को देखकर डॉ. संजय कपूर मीडिया के बीच भावुक भी नजर आए।
उन्होंने कहा कि इस लीग का मुख्य उद्देश्य उन गरीब और साधनहीन युवाओं को मंच देना था, जिनके पास सुविधाओं की कमी थी। आज जब शुभम गौतम, कृष्णा सरोज, शक्ति वर्मा और हिमांशु जैसे तमाम युवा खिलाड़ी इकाना के इतने बड़े मंच पर अपनी प्रतिभा के दम पर अपनी पहचान बना रहे हैं और पूरे देश में नाम कमा रहे हैं, तो यह यूपी टी-20 लीग की सबसे बड़ी उपलब्धि है।
अब कानपुर में जमेगा क्रिकेट का रंग
26 अगस्त को इकाना में पहले चरण के सफर के बाद अब सभी टीमें और फैंस कानपुर के ग्रीन पार्क स्टेडियम का रुख कर रहे हैं। 28 अगस्त से शुरू हो रहे दूसरे चरण में प्लेऑफ्स और ग्रैंड फिनाले (6 सितंबर) समेत कुल 12 मुकाबले खेले जाएंगे, जहाँ उत्तर प्रदेश के ये युवा सितारे एक बार फिर अपने बल्ले और गेंद से धमाल मचाने को तैयार हैं।













