सरोजनीनगर में बढ़ा खेल और सांस्कृतिक गतिविधियों का दायरा

0
45

हाईलाइट्स

  • इकाना स्टेडियम, इंडोर स्पोर्ट्स सेंटर और बड़े मॉल को विकास के प्रमुख आधार बताया गया
  • युवा उत्सव, धर्म उत्सव और सांस्कृतिक आयोजनों के जरिए युवाओं और नागरिकों को जोड़ने का दावा
  • पर्यावरण, सांस्कृतिक विरासत और खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने पर जोर

लखनऊ। सरोजनीनगर विधानसभा क्षेत्र में खेल, संस्कृति, मनोरंजन और सामाजिक गतिविधियों से जुड़ी कई परियोजनाओं के विस्तार का दावा करते हुए विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह ने कहा है कि क्षेत्र को बहुआयामी विकास केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में लगातार कार्य किया जा रहा है।

खेल गतिविधियों को मिला बढ़ावा

डॉ. राजेश्वर सिंह के अनुसार भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी इकाना क्रिकेट स्टेडियम के कारण सरोजनीनगर को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिली है।

आईपीएल और अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मुकाबलों के आयोजन से क्षेत्र में खेल गतिविधियों को बढ़ावा मिला है। वहीं अवध इंडोर स्पोर्ट्स एंड रिजॉर्ट सेंटर जैसे खेल परिसरों में युवाओं को विभिन्न खेलों के लिए आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।

मनोरंजन और व्यावसायिक केंद्रों का विस्तार

उन्होंने बताया कि फीनिक्स यूनाइटेड मॉल, फीनिक्स पलासियो, एमराल्ड मॉल और लुलु मॉल जैसे बड़े व्यावसायिक एवं मनोरंजन केंद्रों ने सरोजनीनगर को प्रदेश के प्रमुख रिटेल और मनोरंजन गंतव्यों में शामिल किया है। इनसे रोजगार और स्थानीय आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिला है।

युवा उत्सव और सामाजिक संदेश

विधायक ने कहा कि युवाओं को सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ने के उद्देश्य से आयोजित युवा उत्सव कार्यक्रमों को व्यापक जनसमर्थन मिला। यो यो हनी सिंह की प्रस्तुति वाले कार्यक्रम में बड़ी संख्या में युवाओं ने भाग लिया, जहां ‘से नो टू ड्रग्स’ का संदेश भी दिया गया।

युवा उत्सव 2.0 के दौरान #NetZeroSarojiniNagar2040 अभियान की शुरुआत की गई। अभिनेता संजय दत्त की उपस्थिति में आयोजित कार्यक्रम में पर्यावरण संरक्षण, जिम्मेदार मतदान और नशामुक्त समाज का संदेश दिया गया।

धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजनों पर जोर

धर्म उत्सव कार्यक्रम में भजन गायक कन्हैया मित्तल की प्रस्तुति आयोजित की गई, जबकि श्याम रथ पहल के माध्यम से धार्मिक और सांस्कृतिक गतिविधियों को बढ़ावा देने का प्रयास किया गया।

संस्कृति और साहित्य को प्रोत्साहित करने के लिए ‘तेरी मिट्टी – सेलिब्रेटिंग तिरंगा’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें मनोज मुंतशिर, मालिनी अवस्थी और अनामिका जैन अंबर सहित कई कलाकारों और साहित्यकारों ने सहभागिता की।

विरासत संरक्षण पर भी फोकस

डॉ. सिंह ने कहा कि अवध शिल्प ग्राम, स्मृति उपवन और अन्य सांस्कृतिक स्थलों के माध्यम से स्थानीय कला, हस्तशिल्प और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण एवं संवर्धन का कार्य भी किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि सरोजनीनगर के विकास का उद्देश्य केवल आधारभूत ढांचे का विस्तार नहीं, बल्कि खेल, संस्कृति, पर्यावरण, रोजगार और सामाजिक सहभागिता के नए अवसर विकसित करना है।

ये भी पढ़ें : मानसून से पहले लखनऊ में जलभराव रोकने के लिए प्रभावी तैयारी की मांग

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here