जे एंड के ओपन का पांचवां संस्करण 4 अगस्त से श्रीनगर में

0
60

श्रीनगर। जम्मू-कश्मीर सरकार, जम्मू-कश्मीर पर्यटन विभाग और भारत में पुरुष पेशेवर गोल्फ की आधिकारिक संस्था डीपी वर्ल्ड प्रोफेशनल गोल्फ टूर ऑफ इंडिया (डीपी वर्ल्ड पीजीटीआई) ने संयुक्त रूप से जे एंड के ओपन के पांचवें संस्करण की घोषणा की।

यह प्रतिष्ठित टूर्नामेंट 4 से 7 अगस्त, 2026 तक श्रीनगर के रॉयल स्प्रिंग्स गोल्फ कोर्स में आयोजित किया जाएगा। इस बार टूर्नामेंट की कुल पुरस्कार राशि ₹50 लाख से बढ़ाकर ₹1 करोड़ कर दी गई है।

प्रतियोगिता में भारत के शीर्ष पेशेवर गोल्फर सप्तक तलवार, वीर अहलावत, ओम प्रकाश चौहान, मनु गांदास, गत विजेता शौर्य भट्टाचार्य और अंगद चीमा समेत कई प्रमुख खिलाड़ी चुनौती पेश करेंगे।

पुरस्कार राशि बढ़कर हुई ₹1 करोड़, कई प्रमुख खिलाड़ी पेश करेंगे चुनौती

वहीं जम्मू-कश्मीर के पेशेवर गोल्फर अरिंदम सूदन, फैयाज अहमद लंगू, अदनान मुबारिक राह और पवन परिहार भी घरेलू मैदान पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।

जे एंड के ओपन 2026 को जम्मू-कश्मीर पर्यटन विभाग का टाइटल पार्टनर के रूप में सहयोग प्राप्त है। टूर्नामेंट को वैश्विक स्मार्ट लॉजिस्टिक्स कंपनी डीपी वर्ल्ड का प्रमुख सहयोग हासिल है,

जो डीपी वर्ल्ड पीजीटीआई की आधिकारिक अम्ब्रेला पार्टनर भी है। इसके अलावा एक्सिस बैंक, अमूल, अमृतांजन एनरलाइट, कैम्पा, एयर इंडिया महाराजा क्लब और कल्याणी टूर पार्टनर के रूप में जुड़े हैं।

डीपी वर्ल्ड पीजीटीआई के 2026 सीज़न के दूसरे चरण की औपचारिक शुरुआत रविवार को श्रीनगर में डीपी वर्ल्ड इंडिया चैम्पियनशिप ‘लोटस ट्रॉफी’ के अनावरण के साथ हुई।

इस अवसर पर जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री के सलाहकार नासिर असलम वानी, डीपी वर्ल्ड के कंट्री मैनेजर (भारतीय उपमहाद्वीप) हेमंत कुमार रुइया, डीपी वर्ल्ड पीजीटीआई के सीईओ अमनदीप जौहल, जम्मू-कश्मीर के क्रिकेटर आक़िब नबी तथा ऑर्डर ऑफ मेरिट में शीर्ष पर चल रहे भारतीय पेशेवर गोल्फर सप्तक तलवार मौजूद रहे।

जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री के सलाहकार नासिर असलम वानी ने कहा कि जे एंड के ओपन केवल एक खेल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि जम्मू-कश्मीर की प्राकृतिक सुंदरता, गर्मजोशी भरे आतिथ्य और गोल्फ पर्यटन गंतव्य के रूप में उसकी बढ़ती पहचान का उत्सव है।

उन्होंने कहा कि डीपी वर्ल्ड पीजीटीआई के साथ साझेदारी के माध्यम से सरकार राज्य की विश्वस्तरीय गोल्फ सुविधाओं को देश-विदेश के खिलाड़ियों और पर्यटकों तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।

उनका विश्वास है कि यह आयोजन जम्मू-कश्मीर को गोल्फ, एडवेंचर और अवकाश पर्यटन के पसंदीदा गंतव्य के रूप में और मजबूत करेगा तथा स्थानीय पर्यटन एवं आतिथ्य क्षेत्र को भी बढ़ावा देगा।

डीपी वर्ल्ड के कंट्री मैनेजर (भारतीय उपमहाद्वीप) हेमंत कुमार रुइया ने कहा कि जे एंड के ओपन भारतीय गोल्फ में जम्मू-कश्मीर की बढ़ती पहचान को मजबूत करने के साथ-साथ पर्यटन, व्यापार और निवेश की संभावनाओं को भी वैश्विक मंच पर प्रदर्शित करता है।

उन्होंने कहा कि विश्वस्तरीय गोल्फ प्रतियोगिताओं के माध्यम से नए अवसर पैदा होंगे और क्षेत्र की पहचान को नई मजबूती मिलेगी। डीपी वर्ल्ड पीजीटीआई के सीईओ अमनदीप जौहल ने कहा कि रॉयल स्प्रिंग्स गोल्फ कोर्स में जे एंड के ओपन की वापसी भारतीय पेशेवर गोल्फ के लिए महत्वपूर्ण अवसर है।

रॉबर्ट ट्रेंट जोन्स जूनियर द्वारा डिजाइन किया गया यह कोर्स 2026 सीज़न के दूसरे चरण के पहले टूर्नामेंट की मेजबानी करेगा और एक रोमांचक प्रतिस्पर्धी चरण की शुरुआत करेगा।

ये भी पढ़ें : जेएंडके ओपन के साथ शुरू होगा डीपी वर्ल्ड पीजीटीआई 2026 का दूसरा चरण

उन्होंने टूर्नामेंट के आयोजन में सहयोग के लिए मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला, जम्मू-कश्मीर सरकार और पर्यटन विभाग का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जे एंड के ओपन हमेशा डीपी वर्ल्ड पीजीटीआई कैलेंडर के सबसे प्रतिष्ठित और बहुप्रतीक्षित आयोजनों में शामिल रहा है।

टूर्नामेंट के अवसर पर डीपी वर्ल्ड ने ‘टी-साइड टॉक’ नाम से एक विशेष पैनल चर्चा का भी आयोजन किया। इसमें नासिर असलम वानी, आक़िब नबी, हेमंत कुमार रुइया और अमनदीप जौहल ने भाग लिया।

चर्चा के दौरान वैश्विक साझेदारियों के माध्यम से व्यापार, पर्यटन और खेल के क्षेत्र में जम्मू-कश्मीर की संभावनाओं तथा डीपी वर्ल्ड-पीजीटीआई साझेदारी की भूमिका पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।

जे एंड के ओपन जम्मू-कश्मीर पर्यटन विभाग की उस व्यापक पहल का हिस्सा है, जिसका उद्देश्य राज्य को देश के प्रमुख गोल्फ पर्यटन गंतव्यों में स्थापित करना और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उसकी पहचान को और मजबूत करना है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here