नमन तिवारी का ऐतिहासिक ‘सिक्सर’, नोएडा किंग्स की मुश्किल भरी जीत

0
31

लखनऊ। तेज गेंदबाज गेंदबाज नमन तिवारी ने अपनी धारदार और कातिलाना गेंदबाजी के बाद बल्लेबाजों की संयमित पारी की बदौलत नोएडा किंग्स ने यूपी टी-20 लीग सीजन-4 पावर्ड बाई Vimal Elaichi और NCS में सोमवार को खेले गए दूसरे मैच में गौर गोरखपुर लायंस को चार विकेट से पराजित किया।

गौर गोरखपुर लायंस को चार विकेट से किया पराजित

बारिश व गीली आउटफील्ड के चलते यह मैच 18-18 ओवर का खेला गया। भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी इकाना क्रिकेट स्टेडियम में खेले जा रहे इस मैच में गौर गोरखपुर लायंस ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 17.5 ओवर में 112 रन पर आल आउट हो गयी।

यूपी टी-20 लीग सीजन-4 पावर्ड बाई Vimal Elaichi और NCS

जवाब में नोएडा किंग्स ने 16.1 ओवर में 6 विकेट पर 113 रन बनाकर जीत अपनी झोली में डाल ली। टीम की जीत में आईपीएल में एलएसजी का हिस्सा और अंडर-19 विश्व कप के स्टार नमन तिवारी ने अपना ऐतिहासिक प्रदर्शन करते हुए 6 विकेट झटककर लीग के सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज बन गए।

इस मैच की औपचारिक शुरुआत उत्तर प्रदेश सरकार के आबकारी व मद्य निषेध विभाग के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) नितिन अग्रवाल ने टॉस कराकर और पारंपरिक ढंग से घंटा बजाने की रस्म के साथ की।

इस अवसर पर मंत्री नितिन अग्रवाल ने कहा कि प्रदेश में यूपी टी-20 लीग जैसे बड़े खेल आयोजनों से खिलाड़ियों के साथ-साथ खेल प्रेमियों को भी उच्च स्तर के क्रिकेट का अनुभव मिलता है। लीग का बढ़ता आकर्षण उत्तर प्रदेश में क्रिकेट की लोकप्रियता और खेल के प्रति लोगों के जुड़ाव को दर्शाता है।

यूपी टी-20 लीग गवर्निंग काउंसिल के चेयरमैन डॉ. संजय कपूर ने कहा कि लीग के प्रत्येक मुकाबले में प्रतिस्पर्धा का स्तर लगातार बेहतर हो रहा है और यही इसकी सबसे बड़ी विशेषता है। उन्होंने कहा कि अलग-अलग टीमों के खिलाड़ियों के प्रदर्शन से मुकाबले रोमांचक बन रहे हैं।

इस अवसर पर उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन के कोषाध्यक्ष सचिन आनंद शुक्ला, मीडिया कमेटी के चेयरमैन मोहम्मद फहीम, यूपी टी-20 लीग गवर्निंग काउंसिल के सदस्य संजीव कुमार सिंह सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद थे। औपचारिक शुरूआत के बाद सोमवार को दिन के दूसरे मैच में नोएडा किंग्स के कप्तान प्रशांत वीर ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया।

गौर गोरखपुर लायंस की पूरी टीम पहले बल्लेबाजी करते हुए 17.5 ओवर में 112 रन पर ऑलआउट हो गई। हालांकि गौर गोरखपुर लायंस की शुरुआत बेहद खराब रही। दूसरे ही ओवर में नमन तिवारी ने सलामी बल्लेबाज अभय प्रताप सिंह (10) को बोल्ड कर पवेलियन का रास्ता दिखाया। इसके बाद चौथे ओवर में नमन ने कप्तान आर्यन जुयाल (2) का विकेट चटकाते हुए गोरखपुर को बड़ा झटका दिया।

गोरखपुर की टीम अभी इन शुरुआती झटकों से उबर भी नहीं पाई थी कि आर्यन चौधरी (15) व प्रिंस यादव भी अपना विकेट गंवा बैठे। 13वें ओवर में नमन तिवारी ने शिवम शर्मा (3) को विकेटकीपर आदित्य शर्मा के हाथों कैच कराया। उन्होंने इसी ओवर में सिद्धार्थ यादव (18) को कप्तान प्रशांत वीर के हाथों कैच कराकर वापस पवेलियन भेजा।

निचले क्रम में पार्थ पहलावत (14) और अंकित चौधरी (14) ने कुछ देर टिकने का प्रयास किया लेकिन 18वें ओवर में नमन तिवारी ने अंकित चौधरी को शोएब के हाथों कैच कराया। नोएडा किंग्स से नमन तिवारी ने 3.5 ओवर में बिना कोई मेडन फेंके महज 13 रन देकर 6 महत्वपूर्ण विकेट झटके।

जवाब में नोएडा किंग्स खराब शुरुआत का शिकार हो गई। दूसरे ओवर में माधव कौशिक (8) विशाल कुमार की गेंद पर वासु वत्स को कैच थमा बैठे। वहीं शोएब सिद्दीकी (13) को पांचवें ओवर में वासु वत्स ने आउट किया। टीम ने 35 रन के स्कोर पर दो विकेट गंवा दिए।

रवि सिंह (19) का विकेट विशाल निषाद ने अपने नाम किया जबकि अनिवेश चौधरी (13) शिवम शर्मा की गेद पर सिद्धार्थ यादव के हाथो कैच थमा बैठे। फिर आदित्य शर्मा (35) का विकेट भी शिवम शर्मा ने अपने नाम किया। पारी के 16वें ओवर में कार्तिक सिद्धू (2) वासु वत्स का शिकार बने। हालांकि नोएडा तब तक जीत के काफी करीब पहंच चुकी थी और टीम को तब तक जीत के लिए 13 गेंदों पर मात्र 6 रन चाहिए थे।

इसके बाद प्रशांत वीर ने 17वें ओवर की पहली ही गेंद पर जोरदार छक्का जड़कर टीम की झोली में जीत डाल दी। प्रशांत ने 10 गेंदों पर दो गगनचुंबी छक्कों से नाबाद 20 रन की पारी खेली जिसकी बदौलत नोएडा किंग्स ने 16.1 ओवर में 6 विकेट के नुकसान पर 113 रन बनाकर मैच जीत लिया।

13 रन देकर 6 विकेट, नमन तिवारी बने यूपी टी-20 लीग के नए रिकॉर्डधारी

लखनऊ,। नमन तिवारी ने यूपी टी-20 लीग के सीजन 4 में गौर गोरखपुर लायंस के खिलाफ महज 13 रन देकर छह विकेट झटककर यूपी टी-20 लीग के इतिहास में एक पारी में सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया।

नोएडा किंग्स के इस तेज गेंदबाज ने 3.5 ओवर में बिना कोई मेडन फेंके महज 13 रन देकर 6 विकेट झटके। उन्होंने इससे पहले अपना पांच विकेट हॉल पूरा किया था। नमन तिवारी इसी के साथ यूपी टी-20 लीग में सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज बनने के साथ 6 विकेट लेकर नया रिकार्ड कायम किया।

इससे पहले कानपुर में 2023 में खेले गए लीग के पहले सीजन में काशी रुद्रास से अटल बिहारी राय ने ने लखनऊ फाल्कन्स के खिलाफ गेंदबाजी करते हुए 4 ओवर में 27 रन देकर 6 विकेट चटकाए। इस लिस्ट में तीसरे नंबर पर कार्तिक त्यागी है, जिन्होंने पहले सीजन में मेरठ मावेरिक्स से खेलते हुए लखनऊ फाल्कन्स के खिलाफ 4 ओवर में एक मेडन के साथ 35 रन देकर 6 विकेट झटके थे।

2026 – नमन तिवारी (नोएडा किंग्स): 3.5 ओवर, 13 रन, 6 विकेट
2023 – अटल बिहारी राय (काशी रुद्रास) : 4 ओवर, 27 रन, 6 विकेट
2023 – कार्तिक त्यागी (मेरठ मावेरिक्स): 4 ओवर, एक मेडन 35 रन, 6 विकेट

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here